विज्ञापन

विज्ञापन

जौनपुर : आभूषण को लेकर महिलाओं ने दूल्हे को बनाया बंधक

                                         



आभूषण को लेकर महिलाओं ने दूल्हे को बनाया बंधक 


सिकरारा थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की रात जयमाल के बाद शादी मंडप में डाल पर चढ़ाए गहने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बात इतनी आगे बढ़ी कि नाराज महिलाओं ने दूल्हे को ही बंधक बना लिया। बराती भागकर थाने पहुंचे। वहां से भोर में पहुंची पुलिस ने दूल्हे को मुक्त करायी और समझौता कराकर सिंदूरदान की रस्म की गई। महिलाओं का आरोप था कि बरात की तरफ से जो आभूषण लाया गया है उनपर सोने का पानी चढ़वाया गया है। जौनपुर शहर से एक बरात सिकरारा इलाके में गई थी। गाजे बाजे के साथ द्वारचार व जयमाल कार्यक्रम हुआ। बरातियों का घरातियों ने स्वागत किया। जयमाल के बाद बरातियों ने खाना खाया। खाने के बाद ज्यादातर बराती घर चले गए। शादी मंडप में वर पक्ष बैठा था।


डाल की रस्म के लिए वर पक्ष ने साड़ी कपड़े व सोने, चांदी के जेवर थाल में सजाकर कन्या पक्ष को दिया। डाल के चढ़ाए कुछ आभूषणों पर महिलाओं ने सोने का पानी चढ़ा नकली जेवर बताते हुए हंगामा कर दिया। महिलाओ ने लड़के को एक कमरे में बंद कर दिया। रात में सिंदूरदान की रस्म नहीं हो सकी। किसी तरह से जान बचाकर बराती रात में थाने पर पहुंचे। भोर में सिकरारा पुलिस गांव में पहुंचकर दूल्हे को छुड़ाकर थाने ले आई। शनिवार दोपहर लड़की पक्ष के लोगों को


पुलिस थाने पर बुलाया गया। वहां पंचायत के बाद पुलिस दूल्हे को पुनः लड़की के यहां ले जाकर सिंदूरदान की रस्म कराकर लड़की की विदाई कराई तब जाकर मामला शांत हुआ। हालांकि पुलिस ने बंधक बनाने की बात इनकार किया। थाने के प्रभारी जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि विवाद की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। हल करा दिया गया। बंधक बनाने जैसी कोई बात नहीं थी।

Blogger द्वारा संचालित.